Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

अब स्कूल, कॉलेज और बाजार में हर वक्त नजर आएंगी 'पिंक पेट्रोलिंग' टीमें

महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन, 14 टीमें हुईं रवाना

दुर्ग।  TODAY छत्तीसगढ़  / महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में 'पिंक पेट्रोलिंग' अभियान की शुरुआत की है। पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-6 भिलाई से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस पहल के तहत जिले के 13 थाना क्षेत्रों और एक रक्षा टीम सहित कुल 14 विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में चार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि टीम का नेतृत्व एक पीएसआई (PSI) करेगा। इन टीमों का उद्देश्य महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना तथा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

पिंक पेट्रोलिंग टीमें स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में प्रवेश एवं छुट्टी के समय नियमित गश्त करेंगी। इसके अलावा बाजार, मॉल, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी लगातार निगरानी रखी जाएगी। महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के तहत मनचलों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मलीशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम, आकर्षि कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 या नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि हर शिकायत पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा