Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ट्रेन में खो गया था लाखों की यादों वाला आईफोन, रेलवे ने लौटा दिया

सीटीआई की ईमानदारी से यात्री को मिला खोया हुआ आईफोन

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) राजकुमार की ईमानदारी और तत्परता से एक यात्री का खोया हुआ आईफोन सुरक्षित बरामद कर उसे लौटाने की व्यवस्था की गई। इस पहल की यात्री और उसके परिजनों ने सराहना करते हुए रेलवे का आभार व्यक्त किया।

रेलवे के अनुसार, 16 जुलाई को ट्रेन संख्या 12410 गोंडवाना एक्सप्रेस में नई दिल्ली से नागपुर की यात्रा कर रहे गौरव वानखेड़े (21 वर्ष) ने नागपुर स्टेशन पर अपना आईफोन गुम होने की सूचना सीटीआई राजकुमार को दी। प्रारंभिक तलाश के बाद मोबाइल नहीं मिला और उसका नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं था। इसके बाद यात्री को जीआरपी नागपुर में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

इसी दौरान ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचने पर एक सहयात्री ने सीट के नीचे सीट कवर के पास एक आईफोन मिलने की जानकारी सीटीआई को दी। राजकुमार ने तत्काल यात्री के पीएनआर विवरण से वैकल्पिक संपर्क नंबर प्राप्त किया और लगातार प्रयास कर उसके परिजनों तथा बाद में स्वयं यात्री से संपर्क स्थापित किया। उन्होंने यात्री को मोबाइल मिलने की सूचना देते हुए पहचान संबंधी दस्तावेज के साथ उसे प्राप्त करने के लिए कहा।

अपना खोया हुआ आईफोन सुरक्षित मिलने की सूचना पर यात्री और उसके परिवार ने सीटीआई राजकुमार की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि रेलवे केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, सुविधा और विश्वास की रक्षा करना भी उसकी प्राथमिकता है। वहीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने इसे "यात्री सेवा सर्वोपरि" की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए सीटीआई राजकुमार के कार्य की प्रशंसा की।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा