Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

स्कूल पहुंची पुलिस, बच्चों को बताया कैसे बचें सड़क हादसों और साइबर जाल से

महिला सुरक्षा, साइबर फ्रॉड और ट्रैफिक नियम... छात्रों को मिला सुरक्षा का पूरा पाठ

रायगढ़।  TODAY छत्तीसगढ़  /  सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और छात्र-छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम तेतला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में यातायात एवं महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात पुलिस और महिला थाना की संयुक्त टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

यातायात शाखा की उप निरीक्षक संध्या रानी कोका, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे और प्रधान आरक्षक मुकेश चौहान ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग अधिकांश दुर्घटनाओं की वजह बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं हेलमेट पहनने और अपने अभिभावकों को भी हेलमेट के उपयोग के लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के कानूनी परिणामों की भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाना कानूनन अपराध है और किशोर चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। विद्यार्थियों को सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने, स्टंटबाजी से बचने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

पुलिस ने यह भी बताया कि तेतला क्षेत्र सड़क दुर्घटनाओं की अधिकता के कारण 'ब्लैक स्पॉट' के रूप में चिन्हित है। अधिकारियों ने कहा कि यदि स्थानीय नागरिक और वाहन चालक नियमों का पालन करें तो इस क्षेत्र में दुर्घटनाओं की संख्या कम की जा सकती है और इसे ब्लैक स्पॉट की श्रेणी से बाहर लाया जा सकता है।

महिला थाना की सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं के लिए संचालित 'हेलो सिस्टर हेल्पलाइन' (9479270533) की जानकारी देते हुए बताया कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर इस नंबर पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है। साथ ही सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने, अजनबियों के झांसे में नहीं आने और शिक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने संदेश दिया कि "जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की पहचान हैं और सड़क सुरक्षा तथा महिला सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रायगढ़ पुलिस की सतत प्राथमिकता है।"

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा