बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / बाल संप्रेक्षण गृह में संविदा चौकीदार नरेंद्र खांडे की हत्या के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज कर दी है। पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने बुधवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2019 में भी बाल संप्रेक्षण गृह में एक अपचारी बालक की मौत का मामला सामने आया था, लेकिन इसके बावजूद संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था में कोई प्रभावी सुधार नहीं किया गया। हालिया घटना में चौकीदार नरेंद्र खांडे की हत्या ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन की लापरवाही के कारण ऐसी गंभीर घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
AAP की प्रमुख मांगें
- पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
- परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी दी जाए।
- घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए।
- महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रियंका शुक्ला ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की, तो आम आदमी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मिलकर आंदोलन करेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।

