पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 35 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राहक का इंतजार कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अचानकपुर के सवरा मोहल्ला में एक युवक नीम के पेड़ के नीचे प्लास्टिक के डिब्बों में महुआ शराब रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना स्तर पर टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।
पुलिस ने मौके से शेखर ध्रुव उर्फ विक्की (24), निवासी रहंगी, थाना चकरभाठा, को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो 15-15 लीटर के पीले प्लास्टिक डिब्बे और एक 5 लीटर के सफेद प्लास्टिक डिब्बे में कुल 35 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने शराब बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार करना स्वीकार किया। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

