"रायपुर के डुमरतराई में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आधुनिक थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। करीब 145 करोड़ रुपये की लागत से बने इस परिसर का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा जाएगा"
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उनके नाम पर इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नामकरण राष्ट्र निर्माण के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा।
उन्होंने कहा कि जहां आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना विकसित होती है, वहां कारोबार के साथ रोजगार भी बढ़ता है। डुमरतराई का यह नया बाजार न सिर्फ रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई दिशा देगा।
करीब 36 एकड़ में फैले इस परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, आधुनिक दुकानें और सुव्यवस्थित यातायात जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। सरकार का मानना है कि इससे शहर के पुराने बाजारों पर दबाव कम होगा और व्यापारियों को बेहतर माहौल मिलेगा।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि वर्ष 2010 में जिस आधुनिक थोक बाजार की कल्पना की गई थी, वह अब साकार हो चुकी है। इससे व्यापारियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था भी पहले से बेहतर होगी।
गौरतलब है कि डुमरतराई थोक बाजार का विकास दो चरणों में हुआ है। पहले चरण में 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 दुकानें और हॉल बनाए गए, जबकि दूसरे चरण में 145 करोड़ रुपये खर्च कर 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया। दोनों चरण पूरे होने के साथ प्रदेश को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित थोक व्यापारिक केंद्र की सौगात मिल गई।

