मुंगेली। TODAY छत्तीसगढ़ / लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरहट में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, 22 जुलाई की रात ग्राम देवरहट निवासी धरमीन बाई और उनके पति नेतराम घर में सो रहे थे। शिकायत के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे 4-5 नकाबपोश व्यक्ति घर में घुस आए और चाकू दिखाकर दोनों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर नेतराम के सिर पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी कथित रूप से महिला के सोने-चांदी के आभूषण, नेतराम की सोने की माला, अंगूठी, घड़ी, मोबाइल फोन तथा घर में रखी करीब ₹8,650 नकद राशि लेकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में साइबर सेल और लालपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सोनू टंडन और देवी टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने कथित रूप से शैलेन्द्र टंडन, आर्यन जोशी उर्फ लेडी तथा चार नाबालिग साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पांच सोने की मंचली, 50 तोला चांदी का करधन, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, चांदी की अंगूठी, सोने का पदुम, मोबाइल फोन, ₹8,650 नकद तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवी टंडन (26), सोनू टंडन (23), शैलेन्द्र टंडन (18) और आर्यन जोशी उर्फ लेडी (18) के रूप में हुई है। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि चार नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

