रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीडी नगर थाना पुलिस ने तीन युवकों को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.150 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन (CG 04 MM 3932) जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक रायपुरा स्थित बीआरएनटी कॉलोनी वाटर पार्क के पास एक्टिवा में गांजा लेकर बिक्री के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अवंश मोदक (20 वर्ष) निवासी इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी, आर्यन सारथी (20 वर्ष) तथा अमित सारथी (18 वर्ष 8 माह) निवासी चंगोराभाठा, रायपुर के रूप में बताई।
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर एक्टिवा में रखे कपड़े के थैले से 2.150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब गांजा के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या सेवन से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

