Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

प्रधानमंत्री मोदी ने किया चांपा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, 13 करोड़ की लागत से मिला आधुनिक स्वरूप

अब एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला दिखेगा चांपा रेलवे स्टेशन

"अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चांपा रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोकार्पण किया। 13 करोड़ रुपये की लागत से विकसित स्टेशन में आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी प्रमुखता दी गई है।"

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल स्थित चांपा रेलवे स्टेशन का भी वर्चुअल उद्घाटन कर उसे राष्ट्र को समर्पित किया गया।

चांपा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, जांजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर, जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

रेलवे के अनुसार, 13 करोड़ रुपये की लागत से चांपा रेलवे स्टेशन का उन्नयन और आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन का पुनर्विकास स्थानीय सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक वास्तुकला के समन्वय को ध्यान में रखकर किया गया है।

पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर नए और विस्तृत प्लेटफॉर्म शेड, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, व्यवस्थित पार्किंग, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड तथा अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा स्टेशन को पूरी तरह दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है, जहां रैंप, टैक्टाइल पाथ और सुगम आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने रेलवे के विकास कार्यों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। सांसद कमलेश जांगड़े ने भी स्टेशन के पुनर्विकास को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

रेलवे का कहना है कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित चांपा रेलवे स्टेशन यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा