बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / लगातार हो रही बारिश से शहर में बने बाढ़ जैसे हालात के बीच कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने विजयापुरम, बंधवापारा, तोरवा, रेलवे कॉलोनी सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी सुरक्षा और हरसंभव सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शहर के सभी नालों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, जरूरत वाले स्थानों पर नालों का चौड़ीकरण कराने तथा जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को प्राथमिकता से हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर स्थायी एक्शन प्लान तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो।
बंधवापारा में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने वहां रहने वाले करीब 55 परिवारों को एहतियातन सेंट्रल लाइब्रेरी के पास स्थित सामुदायिक भवन में सुरक्षित शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को संभावित भारी बारिश को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

