बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में संचालित बहुउद्देशीय 'चेतना' अभियान के तहत रतनपुर थाना पुलिस ने स्वामी आत्मानंद कन्या स्कूल में महिला एवं बाल सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, बालिकाओं के अधिकार और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और पुलिस सहायता नंबर 100 की जानकारी भी साझा की गई।
पुलिस के अनुसार, छात्राओं को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास, विपरीत परिस्थितियों में सतर्क रहने तथा बिना भय अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा नशे के दुष्प्रभावों, कानून के पालन और सही-गलत की पहचान जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित वातावरण के प्रति विश्वास बढ़ाना तथा उन्हें अपराधों के प्रति सजग और आत्मनिर्भर बनाना है।

