TODAY छत्तीसगढ़ / दुर्ग ज़िले में एक महिला की व्यक्तिगत जानकारी और तस्वीरें सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर सार्वजनिक करने के आरोप में पुलिस ने एक 24 वर्षीय युवक को गिरफ़्तार किया है.
भिलाई नगर थाना पुलिस के मुताबिक़, अभियुक्त की पहचान साइबर सेल की मदद से की गई है. गिरफ़्तार किया गया युवक एक छात्र है और ख़ुद को पत्रकार बताते हुए एक यूट्यूब चैनल भी चलाता है. पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
महिला ने दर्ज़ कराई थी शिकायत
भिलाई नगर पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने 4 जून 2026 को थाने में शिकायत दर्ज़ कराई थी.
शिकायत में बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम (Instagram) पर उनका नाम, मोबाइल नंबर और तस्वीर शेयर कर उनकी निजता (Privacy) का उल्लंघन किया जा रहा है. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला (अपराध क्रमांक 294/2026) दर्ज़ कर जांच शुरू की थी.
साइबर सेल की मदद से हुई पहचान
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साइबर सेल (Cyber Cell) की मदद ली. जिस इंस्टाग्राम आईडी से महिला की जानकारी सार्वजनिक की गई थी, उसका तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसके बाद उसके संचालक की पहचान प्रांजल यादव (उर्फ़ जर्नलिस्ट प्रांजल) के रूप में हुई.
पुलिस जांच में सामने आया है कि 24 वर्षीय प्रांजल यादव सुपेला के रामनगर (जहाज बिल्डिंग के पीछे) का रहने वाला है. वह भिलाई के रुंगटा-2 (Rungta-2) कॉलेज में पीजीडीसीए (PGDCA) का छात्र है और एक यूट्यूब चैनल भी संचालित करता है. पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया है और उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य ज़ब्त किए गए हैं.
दुर्ग पुलिस की अपील
इस कार्रवाई के बाद दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से सोशल मीडिया का ज़िम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति की निजी जानकारी, फोटो या अन्य सामग्री उसकी अनुमति के बिना साझा करना दंडनीय अपराध है. ऐसी गतिविधि दिखने पर तुरंत नज़दीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दी जानी चाहिए.

