बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सह रात्रि चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे की हत्या के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। फरार चार आरोपियों में से विशाल चौबे को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पुलिस एक अन्य आरोपी दिनेश राठिया को प्रयागराज से पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में अब भी दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में विशेष पुलिस टीमें भेजी गई थीं। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर विशाल चौबे को पटना से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
गौरतलब है कि 11-12 जुलाई की दरम्यानी रात बाल संप्रेक्षण गृह में पदस्थ सहायक सह रात्रि चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे (42) की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद संस्थान में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध चार किशोर अपचारियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद वहां से फरार हो गए। वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे के हाथ-पैर बांधकर उनके साथ मारपीट की गई, गला दबाकर उनकी हत्या की गई और शोर न मचा सकें, इसके लिए उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

