Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा, ₹2.04 करोड़ की कथित ठगी; पति-पत्नी गिरफ्तार

शेयर मार्केट के नाम पर बड़ा खेल, नया रायपुर से पकड़े गए आरोपी

जांजगीर-चांपा। TODAY छत्तीसगढ़  /  शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर कथित तौर पर ₹2.04 करोड़ की ठगी करने के आरोप में चांपा पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि 24 मई 2026 को चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दोनों ने कथित तौर पर शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।

शिकायत के अनुसार, प्रार्थी सहित अन्य लोगों ने चेक और आरटीजीएस के माध्यम से आरोपियों के खातों में कुल ₹2,04,97,502 जमा किए। आरोप है कि आरोपियों ने केवल ₹39,99,400 वापस किए, जबकि शेष राशि लौटाने में टालमटोल करते रहे और बाद में रकम का गबन कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहे। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए गए। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिशंकर गुप्ता (43 वर्ष) और रेखा गुप्ता (42 वर्ष), निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा के रूप में हुई है।

नोट: मामले में लगाए गए आरोप शिकायत और पुलिस की जांच पर आधारित हैं। आरोपियों का दोष सिद्ध होना शेष है और अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा