Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, पैसे और गहने भी हड़पे; आरोपी गिरफ्तार

ट्रेलर चलाते वक्त दबोचा गया आरोपी, शादी के नाम पर करता रहा शोषण

रायगढ़।  TODAY छत्तीसगढ़  / रायगढ़ पुलिस ने 'अभियान संवेदना' के तहत कार्रवाई करते हुए शादी का झूठा झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, उसके पैसे और गहने हड़पने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय पीड़िता ने 14 जुलाई को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2025 में शहर की एक दुकान पर सेल्स गर्ल के रूप में काम करने के दौरान उसकी पहचान आरोपी मो. सुल्तान अंसारी उर्फ सुल्तान खान से हुई। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी ने महिला के गहने मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखवाकर उससे मिले 10 हजार रुपये अपने पास रख लिए। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। जब पीड़िता ने विवाह की बात की तो आरोपी ने इनकार कर दिया और कथित तौर पर गुंडों से उठवा देने की धमकी भी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ट्रेलर चालक है और फरार चल रहा है। इसके बाद महिला थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बिर्रा में दबिश देकर ट्रेलर चलाते समय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. सुल्तान अंसारी उर्फ सुल्तान खान (34 वर्ष) निवासी पलामू (झारखंड), हाल मुकाम रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा