Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

मुख्यमंत्री साय ने सत्य साई ग्राम का किया दौरा, जनकल्याण मॉडल की सराहना

स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर बड़ी पहल पर हुई चर्चा

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को कर्नाटक के मुद्देनहल्ली स्थित सत्य साई ग्राम का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित सेवा मॉडल का अवलोकन किया। राज्य सरकार के अनुसार, इस दौरान उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु मधुसूदन साई से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी सेवाओं के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की।

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चर्चा में विशेष रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और मूल्य आधारित शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के लिए स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज आवश्यक है तथा समाजसेवी संस्थाओं के अनुभव और नवाचार जनकल्याण के प्रयासों को और प्रभावी बना सकते हैं।

प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, रायपुर द्वारा निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा के माध्यम से बच्चों को उपचार उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। उन्होंने अस्पताल के विस्तार और मातृ एवं शिशु अस्पताल की स्थापना जैसी संभावनाओं पर भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय मूल्य आधारित शिक्षा सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल हुए। सरकार के अनुसार, सम्मेलन में लगभग 25 देशों के 100 से अधिक शिक्षकों और शिक्षाविदों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी आधार बननी चाहिए। 

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का भी निरीक्षण किया। यहां बच्चों के लिए पोषण पूरक तैयार किए जाते हैं, जिन्हें देश के कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में वितरित किया जा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में ऐसे नवाचारों की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

राज्य सरकार का कहना है कि छत्तीसगढ़ और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के बीच सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के क्षेत्रों में नई संभावनाएं विकसित होंगी तथा जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का दायरा बढ़ाया जा सकेगा। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा