जगदलपुर । TODAY छत्तीसगढ़ / आयुष स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित एमबीबीएस फाइनल पार्ट-2 की वार्षिक परीक्षा 2026 में जगदलपुर (डिमरापाल) स्थित स्व. बलिराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की छात्रा डॉ. राखी पटेल ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस परीक्षा में राज्य के 10 शासकीय और 4 निजी मेडिकल कॉलेजों के लगभग 1,500 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे। मूलतः बिलासपुर निवासी और वर्ष 2021 बैच की छात्रा डॉ. राखी पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन और प्राध्यापकों के अध्यापन को दिया है।
डॉ. राखी की इस उपलब्धि पर स्व. बलिराम कश्यप चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. प्रदीप बेक, अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू तथा विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अनुरूप साहू अधीक्षक, मेकाज जगदलपुर ने बताया कि यह संस्थान के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। डॉ. राखी ने अपने अकादमिक प्रदर्शन से संस्थान का नाम रोशन किया है। प्रबंधन उनके उज्ज्वल भविष्य और चिकित्सकीय करियर की कामना करता है।

