बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और हितग्राही-केंद्रित बनाने की दिशा में बिलासपुर के सरकंडा में निर्माणाधीन 'अन्नपूर्णा' ग्रेन एटीएम का शनिवार को खाद्य संचालक, छत्तीसगढ़ शासन फरिहा आलम सिद्दीकी ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, खाद्य संचालक ने कहा कि ग्रेन एटीएम शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से पात्र हितग्राहियों को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और गरिमापूर्ण तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि ग्रेन एटीएम के संचालन के बाद पात्र हितग्राही मशीन के माध्यम से निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। शासन के अनुसार, जिस प्रकार एटीएम से किसी भी समय नकदी निकाली जा सकती है, उसी प्रकार ग्रेन एटीएम से भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत राशन प्राप्त किया जा सकेगा। इससे खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी, समय की बचत होगी, मानव हस्तक्षेप कम होगा तथा वितरण में सटीकता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
निरीक्षण के दौरान सहायक खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी, जिला प्रबंधक नान नितिन दीवान, नगर निगम के अभियंता रमणदीप छाबड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
खाद्य संचालक ने अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्रेन एटीएम का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कर आम नागरिकों को इसका लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

