Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू पर दुष्कर्म और वीडियो से ब्लैकमेल का आरोप

रसूख का डर दिखाकर करता रहा शोषण ! कारोबारी पर गंभीर आरोप, पीएमओ तक पहुंची शिकायत उसके बाद दर्ज हुई एफआईआर

"रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग ने सितंबर 2024 में उसे एक पुराने आपराधिक मामले में कानूनी मदद दिलाने का भरोसा देकर होटल बुलाया और नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया"
बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक 37 वर्षीय महिला की शिकायत पर पुलिस ने एक रियल एस्टेट कारोबारी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद होगी।

शिकायत के अनुसार, मुंगेली नाका के पास सिलाई का काम करने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि भवन मालिक और रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग ने सितंबर 2024 में उसे एक पुराने आपराधिक मामले में कानूनी मदद दिलाने का भरोसा देकर होटल बुलाया।

महिला का आरोप है कि 8 सितंबर 2024 को होटल ईस्ट पार्क में आरोपी ने पानी में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान उसका अश्लील वीडियो बना लिया।

शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद आरोपी कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे कई महीनों तक ब्लैकमेल करता रहा और अप्रैल 2025 तक अलग-अलग मौकों पर उसका यौन शोषण करता रहा। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे अपनी दूसरी पत्नी की तरह रखने का भी आश्वासन दिया, लेकिन जब उसने वीडियो हटाने की मांग की तो आरोपी टालता रहा।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसे दोबारा जेल भिजवाने, दुकान खाली करवाने और झूठे मादक पदार्थ के मामले में फंसाने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने अपने प्रभावशाली संबंधों का भी हवाला दिया।

पीड़िता का कहना है कि डर के कारण वह सीधे पुलिस के पास नहीं जा सकी और उसने डाक के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों तथा प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को शिकायत भेजी। शिकायत में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने का भी अनुरोध किया गया था।

पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(एम), 308(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

| पुलिस क्या कह रही है?

  • महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
  • बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।
  • आरोपों की जांच की जा रही है।
  • विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह मामला महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की सत्यता का निर्धारण पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा