Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

स्टील नगर में जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, 10 जुआरी गिरफ्तार

₹44,100 नकद और 9 मोबाइल जब्त, वैशाली नगर पुलिस की कार्रवाई

दुर्ग।  TODAY छत्तीसगढ़  /  वैशाली नगर थाना पुलिस ने स्टील नगर कैंप-1 स्थित एक मकान में संचालित अवैध जुआ फड़ पर छापा मारकर 10 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, जुआ फड़ से ₹44,100 नकद और नौ मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टील नगर कैंप-1 स्थित सत्य साई होटल के पास ए. सरस्वती के मकान में चंद्रकला उर्फ बुच्ची और कृष्णा देवी द्वारा रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके की घेराबंदी की और दबिश दी।

पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने सभी को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मौके से 52 पत्ती ताश, ₹44,100 नकद और नौ मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच में सभी आरोपित जुआ खेलते और खिलाते पाए गए।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4 एवं 5 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी अवैध रूप से रुपये-पैसों का दांव लगाकर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से जुआ संचालित कर रहे थे। इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

जप्त सामग्री

  • 52 पत्ती ताश
  • ₹44,100 नकद
  • 9 मोबाइल फोन

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हों तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा