Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

पुलिस की बीट प्रणाली को नई मजबूती, 48 मोटरसाइकिलों को SSP ने दिखाई हरी झंडी

सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने बिलासपुर पुलिस की नई पहल

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस ने जिले में बीट प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नई पहल करते हुए 48 मोटरसाइकिलों को विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में तैनात किया है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत थाना एवं चौकी क्षेत्रों को अलग-अलग बीट में विभाजित कर प्रत्येक बीट के लिए अधिकारी और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। बीट प्रभारी अपने क्षेत्र में आपराधिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, सांप्रदायिक, छात्र एवं श्रमिक गतिविधियों पर नजर रखने के साथ अपराधों की रोकथाम, नवागंतुकों और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाने तथा स्थानीय नागरिकों से समन्वय स्थापित करने का कार्य करेंगे।

पुलिस ने बताया कि बीट प्रणाली 24 घंटे शिफ्टवार संचालित होगी। बीट प्रभारियों को उपलब्ध कराई गई मोटरसाइकिलों में वायरलेस सेट, सायरन और फ्लैश लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे गश्त और त्वरित प्रतिक्रिया को बेहतर बनाया जा सके।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बीट प्रणाली का उद्देश्य पुलिस की दृश्यता बढ़ाना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, हिस्ट्रीशीटरों एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना, अपराध संबंधी प्राथमिक सूचनाएं एकत्र करना तथा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना है। बीट प्रभारियों को बाजार, विद्यालय, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने तथा जुआ, सट्टा, नशा, चोरी, लूट, छेड़छाड़ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा बीट रजिस्टर, बीट डायरी, हिस्ट्रीशीटर सूची, जनसंपर्क रजिस्टर, शिकायत एवं सूचना रजिस्टर, किरायेदार सत्यापन रजिस्टर और भूमि विवाद रजिस्टर जैसे अभिलेखों का नियमित संधारण करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, बीट प्रणाली की समीक्षा थाना प्रभारी साप्ताहिक, सीएसपी/एसडीओपी पाक्षिक तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मासिक स्तर पर करेंगे। बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को विभागीय पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा