TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में हुई एक युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है. इस मामले में पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ़्तार किया है और एक नाबालिग (विधि के साथ संघर्षरत बालक) को हिरासत में लिया है.
पुलिस के मुताबिक़, पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर और वाहन के साथ-साथ अलग-अलग इलाक़ों से चोरी की गई दो पल्सर मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं.
क्रिकेट मैदान में मिला था शव
खमतराई थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 जून 2026 को डब्ल्यू.आर.एस. (W.R.S.) कॉलोनी स्थित क्रिकेट मैदान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी. घटनास्थल के निरीक्षण से पता चला कि मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई थी.
शुरुआती जांच में पुलिस ने सीमावर्ती ज़िलों के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और हुलिए का मिलान किया, जिसके बाद मृतक की पहचान शहीद नगर (खमतराई) निवासी 35 वर्षीय रूपेश सारथी के रूप में हुई.
क्षणिक विवाद बना हत्या का कारण
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और खमतराई पुलिस की संयुक्त जांच और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस ने गोवर्धन नगर निवासी शिवा सोनानी को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर हत्या की बात स्वीकार की.
पुलिस के मुताबिक़, वारदात वाले दिन दोनों अभियुक्त शराब के नशे में थे और अपनी एक्टिवा गाड़ी से जा रहे थे. इसी दौरान जी.टी. कॉम्प्लेक्स के पास उनका रूपेश सारथी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर दोनों ने रूपेश के साथ मारपीट की और उसे ज़बरदस्ती अपनी एक्टिवा पर बैठाकर डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी के क्रिकेट मैदान ले गए, जहाँ सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी गई.
पुलिस ने दोनों के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज़ किया है.
दो मोटरसाइकिल चोरियों का भी ख़ुलासा
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्त वाहन चोरी की वारदातों में भी शामिल थे. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं:
पहली चोरी: 30 मई 2026 को देवेंद्र नगर क्षेत्र के फोकटपारा से मोहित साहू की पल्सर मोटरसाइकिल (CG 04 MF 3934) चुराई गई थी.
दूसरी चोरी: 9 जून 2026 को पुरानी बस्ती क्षेत्र के भाठागांव में एक होटल के सामने से महेश देवांगन की पल्सर मोटरसाइकिल (CG 05 AQ 7813) चोरी हुई थी.
बरामद की गई दोनों मोटरसाइकिलों की कुल क़ीमत क़रीब 1,60,000 रुपये आंकी गई है. इन मामलों में भी दोनों के ख़िलाफ़ अलग से क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ़्तार अभियुक्त: शिवा सोनानी उर्फ़ तुषार (20 वर्ष), निवासी- गोवर्धन नगर, भनपुरी, रायपुर.
हिरासत में: विधि के साथ संघर्षरत 01 बालक.
ज़ब्ती: घटना में प्रयुक्त एक्टिवा, पत्थर और चोरी की 2 पल्सर मोटरसाइकिलें.
