Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

'रेत के लिए हत्याएं हो रहीं, सरकार मौन'— कांग्रेस का बड़ा आरोप

कोरिया घटना के बाद गरमाई सियासत, सरकार पर सीधा हमला

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य में बढ़ती हिंसा और अवैध रेत कारोबार को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेत का कारोबार अब सत्ता से जुड़े लोगों के बीच संघर्ष और हिंसा का कारण बन गया है तथा सरकार के संरक्षण में रेत माफिया बेलगाम हो चुका है।

दीपक बैज ने रायपुर में जारी बयान में कोरिया जिले की हालिया घटना का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि रेत कारोबार को लेकर भाजपा नेताओं के बीच संघर्ष की स्थिति बन गई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में रेत के अवैध कारोबार के कारण हत्या, गोलीबारी और हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक, सांसद और मंत्री रेत कारोबार से जुड़े हुए हैं तथा उनके संरक्षण में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बैज ने अपने बयान में जांजगीर-चांपा, बलरामपुर, राजनांदगांव, गरियाबंद, बस्तर, बिलासपुर और रायगढ़ की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं रेत कारोबार को लेकर हत्या हो रही है, कहीं गोलीबारी और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि प्रदेश में माफिया राज जैसी स्थिति बन गई है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार को अवैध खनन और उससे जुड़े अपराधों पर तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com