Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सिविल लाइन में बवाल: युवक ने पुलिस पर उठाया डंडा, आरक्षक घायल

सिविल लाइन में बवाल: युवक ने पुलिस पर उठाया डंडा, आरक्षक घायल

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक पारिवारिक विवाद के दौरान युवक द्वारा अपने पिता को चाकू लेकर धमकाने और बाद में पुलिसकर्मी पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड इलाके की है।

पुलिस के अनुसार आज शाम डायल-112 को सूचना मिली कि सागर सूर्यवंशी नामक युवक अपने पिता मुन्ना सूर्यवंशी के साथ विवाद कर रहा है। शिकायत के मुताबिक वह गाली-गलौज और मारपीट करते हुए चाकू लेकर अपने पिता को दौड़ा रहा था।

सूचना मिलने पर सिविल लाइन ईगल-02 डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के दौरान आरोपी अचानक उग्र हो गया और पास में रखा डंडा उठाकर आरक्षक मोरज सिंह के सिर पर हमला कर दिया। हमले में आरक्षक के सिर पर गंभीर चोट आई। घायल आरक्षक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिविल लाइन की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर थाने ले गई।

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है और उसका उपचार चल रहा है। हालांकि मामले में वैधानिक प्रक्रिया के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा चिकित्सकीय दस्तावेजों सहित सभी तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। 

घायल आरक्षक मोरज सिंह

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com