Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ, पुलिस ने दबोचे 8 जुआरी


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जूटमिल पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 8 जुआरियों को गिरफ्तार कर ₹24,200 नगद और ताश की गड्डी जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि जूटमिल क्षेत्र के मौदहापारा में स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग खुलेआम जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर देर रात रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने 8 आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अलेख कुमार पटेल, भरत माखीजा, मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू, हमीद अली, कर्नल सिंह, जय सिंह, मोहम्मद अजीज और मोहम्मद गुलफाम शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू और जय सिंह थाना क्षेत्र के सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने आरोपियों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश दिए। साथ ही सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। गिरफ्तार आरोपियों में से चार को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com