Slider

जमीन विवाद में दखल देना पड़ा भारी, कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

रायगढ़।  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में गुंडा तत्वों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। जमीन विवाद में हस्तक्षेप कर धमकाने पहुंचे एक कुख्यात बदमाश को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को कोतरारोड निवासी आकाश वर्मा ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि बड़े रामपुर स्थित उसकी जमीन पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रक खड़ा कर दिया गया है। जमीन को लेकर उसका अपने रिश्तेदारों से विवाद चल रहा है। ट्रक हटाने के लिए क्रेन बुलाने पर दुर्गेश महंत नामक व्यक्ति मौके पर पहुंच गया और क्रेन चालक को धमकाते हुए वहां से भगाने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देर रात आरोपी दुर्गेश महंत को हिरासत में लेकर थाने लाई। पुलिस के अनुसार, दुर्गेश महंत के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और विवाद के कई मामले दर्ज हैं और वह गुंडा बदमाश सूची में शामिल है। आरोपी द्वारा शांति व्यवस्था भंग करने के कृत्य पर उसके खिलाफ धारा 170, 126/135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com