Slider

वेदांता हादसा: मौत का आंकड़ा 21, लापरवाही पर FIR


सक्ति/रायपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में एक और घायल मजदूर की मौत हो गई है। मध्यप्रदेश निवासी किस्मत अली, जो रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है, जबकि 15 घायलों का अब भी विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसे में कुल 36 मजदूर झुलसे थे। घटना के बाद प्रशासन और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने जांच शुरू की, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जांच में संकेत मिले हैं कि उत्पादन बढ़ाने की जल्दबाजी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। बॉयलर से संबंधित तकनीकी चेतावनियों के बावजूद काम जारी रखा गया। साथ ही मशीनों के रखरखाव और संचालन में भी लापरवाही बरती गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

इस मामले में डभरा थाने में वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट प्रबंधन समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जिम्मेदारों की भूमिका तय की जा रही है। वहीं, इस घटना ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एफआईआर की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को एफआईआर की प्रति उपलब्ध नहीं कराई जा रही और ‘ऊपर से मना’ करने की बात कही जा रही है, जिससे पूरे मामले पर संदेह उत्पन्न हो रहा है। प्रशासन का कहना है कि जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।  

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com