Slider

दिल्ली-मेरठ गैंग का पर्दाफाश: फ्लैटों में चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर में फ्लैटों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने दिल्ली-मेरठ के शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये का गला हुआ सोना और सोना गलाने की चिमनी बरामद की है।  

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थल को सुरक्षित किया और डॉग स्क्वॉड व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से मिले फिंगरप्रिंट सुरक्षित किए गए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान संदिग्ध मंगला चौक की ओर भागते हुए दिखाई दिए। रियल हेवन अपार्टमेंट के आसपास के फुटेज में उनका चेहरा स्पष्ट दिखाई दिया। पड़ोसियों से पहचान कराने पर संदिग्धों की पुष्टि हुई। फुटेज और फिंगरप्रिंट मिलान के आधार पर आरोपियों की पहचान ताज मोहम्मद और वसीम मोहम्मद निवासी दिल्ली-मेरठ के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि ताज मोहम्मद के खिलाफ दिल्ली, मेरठ सहित कई थानों में पहले से 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस टीम को दिल्ली और मेरठ भेजा गया। करीब 20 दिनों तक लगातार कैम्प कर तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल डेटा और बैंकिंग ट्रांजेक्शन का विश्लेषण किया गया। इस दौरान वसीम मोहम्मद दिल्ली के एक अन्य चोरी मामले में पहले ही गिरफ्तार होकर जेल में बंद मिला। वहीं मुख्य आरोपी ताज मोहम्मद (34 वर्ष) को 24 अप्रैल 2026 को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी के साथ बिलासपुर आकर फ्लैट चिन्हित करता था चोरी के बाद सोने-चांदी के जेवरों को चिमनी में गलाकर छिपा देता था पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 35.34 ग्राम गला हुआ सोना (कीमत करीब ₹4.99 लाख) सोना गलाने की चिमनी बरामद की है। आरोपी ने बताया कि घटना से दो दिन पहले वह और उसका साथी मोटरसाइकिल से दिल्ली-मेरठ से बिलासपुर आए थे। दो फ्लैट में चोरी करने के बाद तीसरे फ्लैट में घुसने के दौरान पड़ोसियों द्वारा देख लिए जाने पर ताज मोहम्मद बाइक से दिल्ली भाग गया ।  

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com