बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जयंती वर्ष के अवसर पर बिलासपुर पुलिस ने एक अनूठी पहल करते हुए जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं को पुलिस विभाग का शैक्षणिक भ्रमण कराया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को जागरूक नागरिक बनाने और उन्हें समाज में कानून व सुरक्षा के संदेश फैलाने हेतु “ब्रांड एंबेसडर” की भूमिका भी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, तकनीकी संसाधनों एवं कानून व्यवस्था से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद विनोद चौबे चौक से हुई, जहां छात्रों को यातायात नियमों, चालानी प्रक्रिया एवं आधुनिक उपकरणों जैसे ब्रीथ एनालाइजर, स्पीड राडार गन, व्हील लॉक, सीसीटीवी आधारित चालान के बारे में जानकारी दी गई।
छात्रों को “आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम)” कंट्रोल रूम ले जाकर बताया गया कि कैसे पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था डिजिटल माध्यम से नियंत्रित की जाती है। इस दौरान छात्रों ने स्वयं अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए संदेश भी दिए।
साइबर थाना में छात्रों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, फेक आईडी और डायल 1930 हेल्पलाइन जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही डायल 112 की कार्यप्रणाली का भी प्रदर्शन किया गया। थाना तारबहार में छात्रों को FIR, मर्ग, CCTNS, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, मालखाना एवं अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। छात्रों ने एसएसपी से सीधे सवाल-जवाब कर अपनी जिज्ञासाएं भी दूर कीं।
