Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

पुलिस की गाड़ी लेकर फरार हुआ चोर, लोकेशन से पकड़ा गया


अंबिकापुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सरगुजा जिले में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। गांजा तस्करी के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम की ही बोलेरो गाड़ी एक शातिर युवक मौके से लेकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर कुछ ही देर में आरोपी को पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को सत्तीपारा क्षेत्र में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर दबिश देने पहुंची। टीम के सदस्य आसपास जांच में जुटे थे, इसी दौरान लापरवाही में गाड़ी की चाबी वाहन में ही लगी रह गई। इसी अवसर का फायदा उठाकर आरोपी मुकेश नामदेव एक मकान की छत से कूदकर नीचे आया और सीधे पुलिस की बोलेरो गाड़ी में बैठकर फरार हो गया। जब पुलिस टीम वापस लौटी तो वाहन गायब देख हड़कंप मच गया।

घटना ने उस समय मोड़ लिया जब पता चला कि डीएसपी का मोबाइल फोन भी उसी वाहन में रह गया है। पुलिस ने तत्काल मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की और उसी दिशा में पीछा शुरू किया। कुछ ही समय में राम मंदिर के पास बोलेरो वाहन को बरामद कर लिया गया और सर्चिंग के दौरान आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी के पास से गाड़ी की चाबी भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के आपराधिक प्रवृत्ति का होने की जानकारी सामने आई है।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com