Slider

मोबाइल ऐप: बॉल टू बॉल सट्टा लिखते दो पकड़े, खाईवाल भी गिरफ्तार


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  आईपीएल मैच के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत दो बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इस कार्रवाई में सट्टा नेटवर्क और यूपीआई के जरिए हो रहे लेनदेन का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि बोईरदादर क्षेत्र में मोबाइल के माध्यम से कोलकाता और लखनऊ के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर बॉल टू बॉल सट्टा लिखा जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर पंकज जय सिंह और जयदेव मित्रा को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे और राशि का लेनदेन यूपीआई के माध्यम से कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे मुख्य खाईवाल शानू बेरीवाला के लिए सट्टा संचालित करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल जब्त किए, जिनमें “ALL PANELEXCH” और “JALWA-247” जैसे सट्टा साइट्स सक्रिय पाए गए। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। इसी अभियान के तहत पूर्व प्रकरण में फरार चल रहे सट्टा खाईवाल एजाज अहमद उर्फ मन्नू को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, फरवरी में एक अन्य कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले आरोपी से पूछताछ के दौरान मन्नू की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। 

आरोपी सट्टा खाईवाल एजाज उर्फ मन्नू

👮‍♂️ एसएसपी का सख्त संदेश

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा संचालित करने वालों के साथ-साथ सट्टा खेलने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से इस अभियान में सहयोग की अपील की है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com