Slider

बिलासपुर पुलिस को मिला सुदृढ़ आधार : नवनिर्मित रक्षित आरक्षी केंद्र का लोकार्पण


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  प्रदेश के प्रमुख और संवेदनशील जिलों में शुमार बिलासपुर में पुलिस अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रविवार, 29 मार्च को सामने आया, जब मुख्यमंत्री के करकमलों से नवनिर्मित रक्षित आरक्षी केंद्र कार्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। लंबे समय से जिला पुलिस के अनेक कार्यालय, थाना एवं चौकियां पुराने और जर्जर भवनों में संचालित हो रही थीं। इनमें से कई भवन अंग्रेज शासनकाल में निर्मित थे, जिनकी स्थिति समय के साथ अत्यंत जर्जर हो चुकी थी। ऐसे में आधुनिक, सुरक्षित और सुविधासंपन्न अधोसंरचना की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

नवनिर्मित रक्षित आरक्षी केंद्र न केवल पुलिस प्रशासन के कार्यों को अधिक सुगम और प्रभावी बनाएगा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। यह भवन जिला पुलिस के संचालन, संसाधन प्रबंधन और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए एक केंद्रीय आधार के रूप में कार्य करेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के प्रयासों से पुलिस अधोसंरचना के विकास को नई गति मिली है। उनके मार्गदर्शन में रक्षित आरक्षी केंद्र के साथ-साथ शहीद स्मारक एवं (AJPU) किशोर बालक अनुसंधान इकाई कार्यालय का निर्माण भी पूर्ण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा थाना पचपेड़ी के भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं, जो शीघ्र ही पूर्ण होंगे।

आगामी योजनाओं के अंतर्गत चौकी केंदा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (कोटा एवं बिलासपुर) के कार्यालय एवं आवास, 110 आवासीय क्वार्टर तथा सामुदायिक भवनों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को बेहतर आवासीय और कार्यपरिसर उपलब्ध हो सकेगा। रक्षित आरक्षी केंद्र जिला पुलिस का मुख्यालय होने के साथ-साथ पुलिस व्यवस्था का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है। यह केंद्र कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वीआईपी सुरक्षा, आपात स्थितियों में बल की तैनाती, संसाधनों के प्रबंधन और नियंत्रण जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाता है। यहीं से वाहनों, ईंधन, शस्त्र-गोला-बारूद, वर्दी, उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधनों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाता है।

इसके अतिरिक्त, यह केंद्र पुलिस जवानों के प्रशिक्षण, पीटी परेड, अनुशासन, स्वास्थ्य एवं दक्षता विकास का प्रमुख स्थल भी है। साथ ही, पुलिस परिवारों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का संचालन भी यहीं से किया जाता है, जिससे बल के मनोबल और कार्यक्षमता को सुदृढ़ आधार मिलता है। निस्संदेह, यह नवनिर्मित रक्षित आरक्षी केंद्र बिलासपुर पुलिस के लिए एक आधुनिक, संगठित और सशक्त कार्यसंरचना का प्रतीक है, जो भविष्य में कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से और अधिक प्रभावी ढंग से निपटने में सहायक सिद्ध होगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com