बिलासपुर । TODAY छत्तीसगढ़ / बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में 28 फरवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल का कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री रहंगी के खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान खरीदी के अंतर की प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के करोड़ों रुपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मुख्य सभामंच, सांस्कृतिक मंच, विभागीय स्टॉल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, पार्किंग और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल के समीप ही हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों ने प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की रूपरेखा तैयार की। एसएसपी रजनेश सिंह ने संभावित जनसमूह को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण तथा प्रवेश और निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
