Slider

बिहार: नई सरकार गठन की उलटी गिनती शुरू, गांधी मैदान में शपथ की तैयारियाँ तेज


 पटना। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू होने जा रही है। 18वीं विधानसभा से संबंधित अधिसूचना रविवार को जारी की जाएगी, जिसके साथ ही चुनाव से जुड़ी सभी प्रक्रियाएँ तेज हो जाएंगी। इसी के साथ चुनाव के दौरान लागू आदर्श आचार संहिता भी समाप्त हो जाएगी।

19 या 20 नवंबर को हो सकता है शपथ ग्रहण, पीएम मोदी भी होंगे शामिल

चुनाव आयोग रविवार को राज्यपाल को विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों की आधिकारिक जानकारी सौंपेगा। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अपने कैबिनेट की अंतिम बैठक आयोजित करेंगे, जिसके बाद वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। उनके इस्तीफे के बाद नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।

इस्तीफे के बाद एनडीए गठबंधन के सभी दल अपने-अपने विधानमंडलीय दल की बैठकें करेंगे। इन बैठकों में सर्वसम्मति से एनडीए के नेता का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा प्रस्तुत किया जाएगा। उधर, पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ युद्धस्तर पर चल रही हैं। मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियाँ हाई अलर्ट मोड पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शपथ समारोह में शामिल होंगे, साथ ही भाजपा के कई मुख्यमंत्रियों के भी पटना पहुँचने की संभावना है। वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था अतिरिक्त रूप से कड़ी की जा रही है।

शपथ ग्रहण समारोह 19 या 20 नवंबर को होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासनिक अमला और सुरक्षा एजेंसियाँ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com