
TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर, 2 अक्टूबर। विजयादशमी पर्व के अवसर पर जिला पुलिस बिलासपुर द्वारा पारंपरिक शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन बिलासपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (IPS) के नेतृत्व में दुर्गा माता की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान जिले में उपलब्ध आधुनिक अस्त्र-शस्त्रों की भी विधिवत पूजा की गई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य की विजय, अन्याय पर न्याय की स्थापना और दुष्टों के विनाश का प्रतीक है। इसी भावना के साथ जिला पुलिस जनता की सुरक्षा, शांति और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा से आशीर्वाद प्राप्त कर साहस, ऊर्जा और विवेकपूर्ण कार्य की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के बाद पुलिस लाइन में मौजूद पिस्टल, राइफल सहित अन्य हथियारों की पूजा की गई तथा पारंपरिक रूप से कुछ अवाजी कारतूस फायर कर देवी माँ को समर्पित किए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेंद्र जयसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीसीयू अनुज कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक IUCAW गरिमा द्वैविदी, डीएसपी मुख्यालय रश्मित कौर चावला, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार (IPS), सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, डीएसपी यातायात शिवचरण सिंह परिहार, डीएसपी लालचंद मोहले, डीएसपी अनिता मिंज, डीएसपी भारती मरकाम, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र गुप्ता सहित जिले के अन्य अधिकारी-कर्मचारी, थाना-चौकी प्रभारी, पुलिस जवान, होमगार्ड और सशस्त्र बल के सदस्य उपस्थित रहे।
इसी प्रकार जिले के सभी थाना व चौकियों में भी माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना कर अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की गई। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने माँ दुर्गा से शक्ति, साहस और आशीर्वाद प्राप्त कर जनसेवा और जनसुरक्षा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।
