Slider

BILASPUR POLICE : बेहतर काम करने वाले जिले के आठ पुलिस अधिकारी कर्मचारी 'कॉप ऑफ द मंथ'

 बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  बेहतर काम करने वाले जिले के आठ पुलिस अधिकारी कर्मचारी नवम्बर माह के 'कॉप ऑफ द मंथ' चुने गये। जिले के पुलिस कप्तान ने ऐसे आठ पुलिस अधिकारी कर्मचारी को प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें न सिर्फ प्रोत्साहित किया बल्कि और भी बेहतर काम की उम्मीद जताई।    

 पुलिस अधीक्षक ज़िला बिलासपुर संतोष सिंह द्वारा पुलिसिंग के क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहे अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर महीने ’’कॉप ऑफ द मंथ’’ का पुरस्कार दिया जाता है। विधानसभा चुनाव 2023 में चुनाव के मानक निर्देशानुसार प्रभावी कार्यवाही करने के लिये थाना प्रभारी सिरगिट्टी नवीन देवांगन,  जिला निर्वाचन सेल प्रभारी के रूप में चुनाव संबंधी कार्यों का लगन और परिश्रम से संपादन करने पर निरीक्षक दामोदर मिश्रा, विधान सभा चुनाव बल वितरण के महत्वपूर्ण कार्य के दौरान व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिये स.उ.नि. मनोज पाण्डेय, खेल परिसर में घटित हत्या की घटना के आरोपियों को अल्पावधि में गरफ्तार करने के लिये प्रधान आरक्षक विनोद यादव, थाना सिटी कोतवाली और  तोरवा थाना क्षेत्र में ए.टी.एम.टेम्पर करने वाले 02 गिरोह की गिरफ्तारी में सराहनीय भूमिका के लिये तद्बीर पोर्ते एसीसीयू बिलासपुर, महत्वपूर्ण एवं अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों के मूव्हमेंट और बल मूव्हमेंट में प्लानिंग, दस्तावेजीकरण कर चुनाव में लगन से कार्य करने पर आर. प्रदीप पाण्डेय, थाना सीपत में समंस/वारंट के अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के लिये महिला आरक्षक प्रियंका मिश्रा को और  बेलगहना चौकी के कलमीटार में हुई हत्या के प्रयास की घटना के 05 आरोपियों को कम समय में गिरफ्तार करने में सराहनीय योगदान के लिये आर. दीपक मरावी को कॉप ऑफ द मंथ सम्मान से सम्मानित किया गया है।

                                         

            चुने गए कर्मचारियों को नगद पुरस्कार और  गुड सर्विस एंट्री व प्रशंसापत्र के साथ ही उनका फोटो समस्त पुलिस कार्यालयों और जिले के सभी थाना व चौकी के नोटिस बोर्ड पर पूरे माह के लिए लगा रहेगा। इससे दूसरे पुलिसकर्मी भी अच्छा कार्य करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

  पुलिस अधीक्षक ने इस माह कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने पर पुलिस ऑफिस के कार्यालयीन 02 एसआई, 05 एएसआई को कार्य में सुधार हेतु लघु शास्ति से दंडित किया है।

 
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com