Slider

रेंजर से मीडिया का धौंस दिखाकर 1.40 करोड़ की उगाही करने के मामले में फरार सरताज गिरफ्तार

 TODAY छत्तीसगढ़  / बिलासपुर /  मुंगेली के बहुचर्चित रेंजर से मीडिया का धौंस दिखाकर 1.40 करोड़ की उगाही करने के मामले में सात माह से फरार मुख्य आरोपी सरताज उर्फ भोला ईरानी को पुलिस ने आखिरकार आज बिलासपुर से गिरफ्तार कर ही लिया है। 

TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें 

सरकंडा थाने को आरोपी सरताज के शहर आने की सूचना मिली थी। इसी इलाके के ईरानी मोहल्ले में उसका घर है। थाने के एक आरक्षक को उसके अशोकनगर स्थित पेट्रोल पंप के पास होने का पता चला। उसे वहां से घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। उसे मुंगेली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

ज्ञात हो कि मुंगेली के रेंजर सी आर नेताम से यह वसूली किश्तों में एक साल से अधिक समय से की जा रही थी। मामला तब खुला जब आरोपियों को और रकम देने के लिए उसने अपना घर गिरवी रखने की बात की। परिवार वालों को पता चला तो रेंजर को ले जाकर उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

बीते 3 फरवरी को रेंजर से वसूली के लिए मुंगेली पहुंचे एक वेब पोर्टल के संचालक परमवीर सिंह मरहास और उसकी महिला मित्र वर्षा तिवारी को पुलिस ने घेरकर  गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से दो कार, बुलेट मोटरसाइकिल, जेवरात सहित करीब 25 लाख का सामान और 8 लाख रुपए नगद जब्त किए गए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें नेताम से वसूली के लिए सरताज से ही सुराग मिला जो झाड़ फूंक के लिए नेताम के यहां जाता था। वसूली गई रकम का 60 प्रतिशत हिस्सा वे सरताज को देते थे। दोनों की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही मुख्य आरोपी सरताज फरार हो गया था। पुलिस ने इस बीच उसके बिलासपुर और जांजगीर के कई ठिकानों पर लगातार दबिश दी थी। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com