TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर। कोनी पुलिस ने महिला को टोनही कहकर प्रताड़ित कर आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने की आरोपी महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम पौंसरा बजरंग चौक निवासी राशि सिंह ने कल बुधवार 9 जून को अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसी अवस्था मे महिला को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती किया गया। पीड़ित महिला ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले उसे टोनही कहकर आये दिन प्रताड़ित करते है।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने महिला संबंधी अपराध को संज्ञान में लेते हुए त्वरित करवाई का निर्देश दिया। कोनी पुलिस ने इस गंभीर मामले में आज [गुरुवार] आरोपी राजू सिंह पिता सुखनंदन 48, सती बाई पति बलराम ठाकुर 65, भरत सिंह पिता विजय सिंह 50, जागेश्वर सिंह पिता सुखनंदन सिंह 54, करतार सिंह पिता सुखनंदन सिंह 46 को गिरफ्तार कर टोनही प्रताड़ना एक्ट के तहत न्यायालय में पेश किया ।
TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें
ये था पूरा मामला -
कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम पोसरा निवासी किसान रघुवीर सिंह की 36 वर्षीय पत्नी राशि ठाकुर को गांव के ही कुछ लोग टोनही होने का दावा करते हुए उसे रोज प्रताड़ित करते थे। तंग आकर महिला ने बुधवार सुबह 5 बजे अपने घर की छत पर जाकर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। इस बीच राशि ठाकुर का 17 वर्षीय बेटा विनय छत पर पहुंचा। देखा तो मां आग लगा रही थी। विनय ने कंबल लिया और मां के शरीर में लगी आग को बुझाने लगा। चिल्लाने की आवाज सुन घर के अन्य सदस्य भी छत पर पहुंचे। सभी ने मदद की और तब जाकर महिला के शरीर में लगी आग बुझ पाई, लेकिन तब तक महिला काफी जल चुकी थी। महिला को तत्काल 112 एंबुलेंस की मदद से सिम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां बर्न वार्ड में महिला का इलाज चल रहा है।