Slider

रमन के गुलाम धरमलाल, बन गए नेता प्रतिपक्ष

[TODAY छत्त्तीसगढ़] /  छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के नेता प्रतिपक्ष चुने जाने के तुरंत बाद पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के खेमे में जमकर निराशा देखने को मिली है।  बृजमोहन अग्रवाल के समर्थक और मीडिया प्रभारी देवेन्द्र गुप्ता ने अपने फेसबुक वाल पर पार्टी अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। उन्होंने लिखा है कि धरमलाल कौशिक पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के गुलाम है जिन्हे नेता प्रतिपक्ष बना दिया गया है। 

  इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के लिए कौशिक को ही जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने लिखा है, “भाजपा की हार का गुनाहगार धरमलाल कौशिक.” देवेन्द्र गुप्ता ने कौशिक को नेता प्रतिपक्ष चुने जाने के बाद फेसबुक में यह टिप्पणी करके सियासी अखाड़े का माहौल गर्म कर दिया है।

आपको बता दें कि बृजमोहन अग्रवाल भी नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में थे उनके अलावा ननकी राम कंवर और खुद पूर्व सीएम रमन सिंह भी उसी कतार में थे लेकिन डॉ रमन सिंह के नाम का पार्टी के भीतर में ही विरोध शुरु हो गया था. जिसके बाद डॉ रमन सिंह ने प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक का नाम आगे बढ़ा दिया। गौरतलब है कि बृजमोहन अग्रवाल और रमन सिंह के बीच लंबे समय से राजनीतिक मतभेद के चर्चे आम रहे हैं और समय-समय पर उनके बीच की दूरी सामने आते रही है.
बृजमोहन के मीडिया प्रभारी देवेंद्र गुप्ता ने नेता प्रतिपक्ष चुने जाने के पहले [2 जनवरी] भी अपने फेसबुक वाल पर शेयर किया था, शायद उन्हें पहले से ही इस बात का आभास था की राज्य विधानसभा के लिए विपक्ष के नेता के रूप में किसी गुलाम की तलाश की जा रही है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com