Slider

मुख्यमंत्री ने पहनाया जूता, बोले इन्हे सलाम करता हूँ

[TODAY छत्तीसगढ़] / संकल्प पूरा होने में भले ही डेढ़ दशक लग गए मगर जो कसम उठाई उसे पूरा होने तक टूटने नहीं दिया। ये किस्सा नहीं हकीकत है मध्यप्रदेश के उस कांग्रेस कार्यकर्ता की जिसने कांग्रेस की सत्ता में वापसी तक नंगे पाँव रहने का संकल्प लिया था। अब जबकि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सत्ता के सिंहासन पर बैठ चुकी है तो उस कार्यकर्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समक्ष 15 साल बाद जूते पहने। 
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट पर इसके उल्लेख में लिखा- ‘आज निवास पर राजगढ़ के कार्यकर्ता दुर्गालाल किरार से मिलकर उन्हें जूते पहनाएं। उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी, तब तक जूते नहीं पहनेंगे। ऐसे कार्यकर्ताओं को सलाम है, जो पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए दिन-रात मेहनत करते है।’ ट्विटर पर मुख्यमंत्री ने इस मौके का फोटो भी शेयर किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से लगभग 20 किलोमीटर दूर लिम्मबोदा गांव के दुर्गालाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के समर्थक हैं। दुर्गालाल ने 2003 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद कांग्रेस की सरकार बनने तक पैरों में जूते नहीं पहनने और नंगे पैर रहने का संकल्प लिया था। अब 15 साल बाद दुर्गालाल का संकल्प पूरा हुआ।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com