[TODAY छत्तीसगढ़] / छत्तीसगढ सरकार ने किसानों से कर्ज माफी के वादे को तय समय-सीमा में पूरा करने की कवायद तेज कर दी है, हालांकि किसानों की कर्ज माफ़ी का आदेश मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ देर बाद ही भूपेश बघेल ने जारी कर दिया था। अब बघेल सरकार ने किसानों के खाते में रकम पहुंचाने की कोशिशें भी आज से शुरू कर दी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को राज्य के कई किसानों के बैंक खातों में कर्ज माफी का पैसा क्रेडिट हुआ है । जब बस्तर, बीजापुर, कवर्धा, धमतरी सहित अन्य जिलों के किसानों के खाते में पैसे क्रेडिट होने का उनके मोबाइल पर संदेश आया तो इस बात का खुलासा हुआ। बैंक खाते में रकम आने से किसान खुश हैं, दूसरी तरफ सरकार खुश है की उन्होंने जो कहा उसे करके दिखाया है।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि किसानों से किया गए वादों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। भूपेश बघेल ने कहा कि 3 लाख किसानों के खाते में कर्जमाफी की रकम आई है। उन्होंने बताया कि एक हजार करोड़ की राशि किसानों के खाते में गई। बता दें कि उन किसानों के खाते में पैसे क्रेडिट किए जा रहे हैं, जिन्होंने नई सरकार बनने से पहले सोसायटी व को-ऑपरेटिव से लिया कर्ज अदा कर दिया था। मालूम हो कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीते 17 दिसंबर को शपथ लेते ही किसानों की कर्जमाफी की फाइल पर हस्ताक्षर किए। बघेल ने राज्य के 16 लाख 65 हजार से अधिक किसानों का 6100 करोड़ कर्ज माफ करने की घोषणा की थी।
