Slider

कोरबा शहर से जंगल लौटे हाथी, सेल्फी ले रहे युवक पर हमला - मौत

                                                                           फ़ाइल फोटो- सत्यप्रकाश पांडेय 
 [TODAY छत्तीसगढ़] / धीरज दुबे - कोरबा शहर के भीतर पहुंचे सभी चारो हांथी को देर रात कॉलोनी के रास्ते होते हुए वापस जंगल भेजने में आखिरकार वन अमला सफल रहा, हाथियों को सुरक्षित जंगल भेज दिया गया है। इस दौरान हाथी से किसी तरह के जानोमाल का नुक्सान ना हो इसके लिए जिला प्रशासन भी मुस्तैद दिखा, कलेक्टर कोरबा ने हाथी वाले क्षेत्र में धारा 144 लगा दी थी।          
बुधवार की सुबह जशपुर से भटक बालको-दादर के रास्ते हाथी कोरबा शहर के भीतर आ गए थे। इस दौरान हाथी मुडापार हेलीपेड के करीब नर्सरी पहुंचे व इस दौरान हाथियों ने एसईसीएल कॉलोनी में मामूली तोड़फोड़ भी की । शहर के भीतर पहुंचे हाथियों को लेकर वन महकमें की मुश्किलें बढ़ती दिखाई पड़ी। हालांकि विभाग ने बड़ी ही सावधानी और सतर्कता बरत रखी थी फिर भी एक व्यक्ति की जान चली गई। 
           
बताया जा रहा है की मुडापार कुष्ठ आश्रम के पास हाथी के साथ सेल्फी ले रहे रामसागर पारा निवासी दिलीप विश्वकर्मा पर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने दिलीप की पीठ में दांत घुसा कर घायल कर दिया था जिसकी उपचार के लिए बिलासपुर ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद कलेक्टर मो अब्दुल कैशर हक़ ने मौके पर पहुंच हालात का जायजा लिया व पूरे इलाके में धारा 144 लगा दी। देर रात हाथी एसईसीएल मानिकपुर कॉलोनी व दादर के रास्ते होते जंगल वापस लौट गए। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान कलेक्टर व डीएफओ एस वेंकटाचलम मौके पर पहुंच पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन पर नज़र जमाये हुए थे। हाथियों के शहर के बाहर जाने के बाद प्रशासन सहित लोगो ने राहत की सांस ली। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com