शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  / महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल को पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बादल सारथी (20 वर्ष) ने उससे शादी का वादा कर करीब तीन माह तक अपने साथ पत्नी की तरह रखा और लगातार शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता का आरोप है कि जब भी उसने शादी की बात की, आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बावजूद आरोपी संपर्क में रहा और बाद में भी झूठा भरोसा देकर उसके साथ रहा। मार्च 2026 में आरोपी बिना बताए रायगढ़ लौट आया और जब पीड़िता उससे मिलने पहुंची, तो उसने घर में घुसने नहीं दिया और शादी से साफ इंकार कर दिया।

मामले में महिला थाना में धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जग्गी हत्याकांड में हाईकोर्ट के फैसले पर लगी रोक, अमित जोगी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत

नई दिल्ली। TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट ने उनकी आजीवन कारावास की सजा पर रोक लगा दी है. एनसीपी नेता राम अवतार जग्गी हत्याकांड मामले में अमित जोगी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की तरफ से दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. जिसके खिलाफ अमित जोगी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी. जहां 23 अप्रैल को हुई सुनवाई में सर्वोच्च न्यायालय ने  अमित जोगी को दोषी ठहराए जाने के फैसले पर रोक लगाई है. जो उनके लिए बड़ी राहत मानी जा रही है.  

सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के उस फैसले को पलट दिया है. जिसमें हाईकोर्ट ने अमित जोगी को जग्गी हत्याकांड में आरोपी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. उन्हें तीन हफ्ते के अंदर सरेंडर करने के लिए भी कहा गया था. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया है. सर्वोच्च न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा पर रोक लगा दी है. जग्गी हत्याकांड 2003 में हुआ था. यह छत्तीसगढ़ बनने के बाद कोई पहला हाईप्रोफाइल मामला था. जिसमें अमित जोगी का नाम सामने आया था. ऐसे में यह मामला पूरे छत्तीसगढ़ में चर्चा में था. 

अमित जोगी ने लगाई थी दो याचिका 

अमित जोगी ने सुप्रीम कोर्ट में दो याचिका लगाई थी. जिसमें पहली याचिका में सीबीआई से संबंधित अपील दायर करने के मामले में थी. दूसरी याचिका में हाई कोर्ट के मुख्य फैसले को चुनौती दी गई थी. जिसमें उन्हें आजीवन कारावास की सजा दी गई थी. अमित जोगी के वकीलों ने तर्कों के आधार पर सजा पर रोक लगाने या निरस्त करने की मांग की थी. ऐसे में अमित जोगी के लिए फिलहाल राहत मिली है. 

जग्गी हत्याकांड से जुड़ा है मामला 

मामला रायपुर के कारोबारी और एनसीपी नेता रामअवतार जग्गी की हत्या से जुड़ा है. 4 जून 2003 को रायपुर में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी. जिसमें अजित जोगी का नाम सामने आया था. 2007 में उन्हें इस मामले में बरी कर दिया गया था. लेकिन जग्गी के बेटे ने इस फैसले के खिलाफ याचिका लगाई थी. जिसमें हाई कोर्ट ने 2026 में अमित जोगी को दोषी पाया था. इसके बाद उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुना दी गई थी. 23 साल पुराने इस मामले में अब एक बार फिर बड़ा फैसला आ गया है. 


एंडोस्कोपिक तकनीक से बची 5 साल के मासूम की जान, सिम्स में डॉक्टरों ने किया कमाल


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में एक बार फिर आधुनिक चिकित्सा तकनीक और डॉक्टरों की तत्परता ने एक मासूम को नया जीवन दिया। 5 वर्षीय नितिन सिंह, जिसने खेलते-खेलते ₹5 का सिक्का निगल लिया था, उसकी हालत गंभीर हो गई थी, लेकिन समय पर इलाज से उसकी जान बचा ली गई।

घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की है, जब सिक्का बच्चे के गले में फंसकर श्वसन मार्ग के पास अटक गया। इससे उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी और स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन तुरंत बच्चे को सिम्स लेकर पहुंचे, जहां बिना देर किए इलाज शुरू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी तत्काल संज्ञान लिया और सिम्स प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति के निर्देशन में विशेषज्ञ टीम गठित की गई।

ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. आरती पांडे के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने अत्याधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक का उपयोग करते हुए ऑपरेशन किया। बिना किसी बड़े चीरे के, विशेष उपकरणों की मदद से गले में फंसे सिक्के को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान एनेस्थीसिया टीम ने बच्चे की सांस और अन्य जीवन संकेतों पर लगातार नजर बनाए रखी। डॉक्टरों की सटीकता और टीमवर्क के चलते ऑपरेशन सफल रहा और बच्चे की जान बच गई। फिलहाल बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और चिकित्सकीय निगरानी में तेजी से स्वस्थ हो रहा है।

भीषण गर्मी के चलते व्यापम परीक्षाओं का समय बदला, अब सुबह 10 बजे से होंगी


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए व्यापम द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब परीक्षाएं सुबह 10 बजे से प्रारंभ होंगी, जबकि पूर्व में ये परीक्षाएं प्रायः दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाती थीं।

व्यापम द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में बदलाव करते हुए अभ्यर्थियों को राहत देने का निर्णय लिया गया है। इस क्रम में मंडी बोर्ड की उप निरीक्षक परीक्षा 26 अप्रैल को निर्धारित परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे से आयोजित होगी। इसके बाद 14 मई को एसएससी नर्सिंग एवं पीईटी प्रवेश परीक्षा तथा 21 मई को पीपीएचटी परीक्षा भी सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने टीएल बैठक में इन परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए शीतल पेयजल, पंखे तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भीषण गर्मी के बीच अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अभ्यर्थियों को बदले हुए समय का ध्यान रखने और उसके अनुरूप समय पूर्व केंद्रों में पहुंचने का आग्रह किया है। प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com