मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, प्रयास विद्यालय के परिणामों की सराहना


बिलासपुर।  
TODAY छत्तीसगढ़  /  कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज प्रयास आवासीय विद्यालय पहुंचकर 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनका सम्मान कर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप अग्रवालएवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

         कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर, गुलदस्ता भेंट कर तथा प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। साथ ही आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। 

        उल्लेखनीय है कि आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालय एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। परीक्षा परिणाम में कक्षा 10वीं के 103 विद्यार्थियों में सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित की। कक्षा 10वीं की छात्रा काव्या विकास पैकरा ने 600 में से 587 अंक प्राप्त कर राज्य की प्रावीण्य सूची में 8वां स्थान हासिल किया। वहीं छात्र रोहित साहू एवं मौसमी पटेल ने 600 में से 588 अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में संयुक्त रूप से 7वां स्थान प्राप्त किया। 

 विद्यालय के अनेक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर संस्था एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं विभागीय प्रयासों का परिणाम बताया गया। कार्यक्रम में आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रेम जाल में फंसाकर युवती से दुष्कर्म, फिर दी धमकी


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  बिल्हा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 30 अप्रैल 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि रोशन कुमार उर्फ नानू लहरे (20) निवासी सम्बलपुरी ने उससे जान-पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा दिया और 18 अगस्त 2025 से लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया और पीड़िता को जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। उनके निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर थाना लाया, जहां पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ, पुलिस ने दबोचे 8 जुआरी


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जूटमिल पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 8 जुआरियों को गिरफ्तार कर ₹24,200 नगद और ताश की गड्डी जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि जूटमिल क्षेत्र के मौदहापारा में स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग खुलेआम जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर देर रात रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने 8 आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अलेख कुमार पटेल, भरत माखीजा, मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू, हमीद अली, कर्नल सिंह, जय सिंह, मोहम्मद अजीज और मोहम्मद गुलफाम शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू और जय सिंह थाना क्षेत्र के सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने आरोपियों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश दिए। साथ ही सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। गिरफ्तार आरोपियों में से चार को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई, आरोपी को जेल भेजा गया


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  सीपत थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 8 अगस्त 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर बालिका की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि अपहृत बालिका आरोपी संत कुमार शाह (21) निवासी दर्राभाठा, थाना सीपत के साथ राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में है। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस टीम डोंगरगढ़ रवाना हुई और स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को दबोच लिया गया तथा बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ शारीरिक शोषण किया। इसके आधार पर प्रकरण में धारा 87, 64(एम) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 6 जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com