Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

दिल्ली के संगठित गिरोह का पर्दाफाश, 17 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली से आए, अनूपपुर में किराए का मकान लिया और शुरू कर दी रेलवे केबल की चोरी

बिलासपुर/अनूपपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  रेलवे की कॉपर केबल और तांबे की दूसरी सामग्री चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का RPF ने पर्दाफाश किया है। बुढ़ार, सिंहपुर, छादा और शहडोल क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान RPF की विशेष टीम और RPF पोस्ट अनूपपुर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 चोरों और 7 रिसीवरों समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक चोरी में इस्तेमाल 4 स्कूटर भी जब्त किए गए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की कॉपर केबल और अन्य रेलवे सामग्री बरामद की गई है।

दिल्ली से आए, अनूपपुर में बनाया ठिकाना

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिल्ली से अनूपपुर क्षेत्र में आए थे और यहां किराए के मकानों में रह रहे थे। आरोपी स्कूटर से इलाके में घूमकर रेलवे ट्रैक और आसपास लगी कॉपर केबल व तांबे की सामग्री की रेकी करते थे। मौका देखकर रेलवे की संपत्ति चोरी करने के बाद उसे दिल्ली ले जाकर खपाया जाता था। पूछताछ में चोरी की सामग्री को दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कबाड़ मंडी में बेचने की बात सामने आई है।

पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र से मिली कामयाबी

RPF ने प्रभावित रेलखंडों पर निगरानी बढ़ाने के साथ लगातार पेट्रोलिंग, एम्बुश और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर टीम ने कार्रवाई शुरू की।

RPF के मुताबिक कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को ट्रेन से भागते समय उमरिया में पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी को गाजियाबाद स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपियों को भी जांच के दौरान दबोचा गया।

निशानदेही पर चोरी का तांबा बरामद

पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही के आधार पर चोरी की गई कॉपर केबल और अन्य तांबे की रेलवे सामग्री बरामद की गई है। चोरी में इस्तेमाल चार स्कूटर भी जब्त किए गए हैं।

RPF अब गिरोह के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही चोरी की रेलवे संपत्ति खरीदने वाले रिसीवरों और चोरी के माल को आगे खपाने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

रेलवे संपत्ति चोरी पर होगी सख्त कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। RPF के मुताबिक मामले की जांच अभी जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा