CG NEWS: TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर । वाहन की नंबर प्लेट को कागज, टेप, मैग्नेट, कपड़े, पन्नी या अन्य तरीके से छिपाकर चलने वालों पर बिलासपुर यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान अब तक 724 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और कुल 7 लाख 24 हजार रुपये का चालान शुल्क जारी किया गया है। पुलिस का कहना है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, कई वाहन चालक चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट पर टेप, कागज, स्टीकर, मैग्नेट, पेंट, कपड़ा या पॉलीथिन लगा देते हैं। कुछ मामलों में नंबर प्लेट को मोड़कर भी नंबर छिपाने की कोशिश की जाती है। ऐसे वाहनों की पहचान के लिए शहर के विभिन्न यातायात पॉइंट और चेकिंग स्थानों पर तैनात जवानों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, अगर कोई वाहन बिना नंबर प्लेट या छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट के साथ तेज रफ्तार में निकल जाता है और तत्काल रोकना संभव नहीं होता, तो उसकी सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से आगे के यातायात पॉइंट और संबंधित थाने को दी जा रही है। इसके बाद दूसरे चौक-चौराहों पर वाहन को रोककर जांच की जा सकती है। यातायात पुलिस का कहना है कि नंबर प्लेट छिपाने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए शहर में सघन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अब तक की कार्रवाई में 724 वाहन चालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। इनमें से कई मामलों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां आर्थिक दंड भी लगाया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि कुछ मामलों में स्थानीय थानों के माध्यम से आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए और आरोपियों को जेल भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ केवल यातायात नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं है। ऐसे वाहनों की पहचान और निगरानी इसलिए भी की जा रही है ताकि किसी आपराधिक गतिविधि में इस्तेमाल होने वाले वाहन की पहचान में दिक्कत न हो।

