बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / थाना तोरवा पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार चल रहे अंतिम आरोपी अनिल शर्मा (24) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 280/2026, धारा 105, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को अनिल शर्मा ने अपने अन्य साथियों के साथ पूर्व रंजिश को लेकर परिचित ईश्वर गोड के साथ मारपीट की थी। मारपीट में गंभीर चोट लगने के बाद ईश्वर गोड की मृत्यु हो गई थी।
मामले में पुलिस ने पूर्व में आरोपी मनोज वाडेकर एवं प्रत्युन साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। वहीं संतोष पासवान को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
घटना के बाद से फरार चल रहे अंतिम आरोपी अनिल शर्मा की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 23 अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

