बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सार्वजनिक वितरण प्रणाली को तकनीक से जोड़ते हुए बिलासपुर के सरकंडा में शनिवार को अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की शुरुआत हुई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसका शुभारंभ किया, जबकि खाद्य मंत्री दयालदास बघेल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े। आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद हितग्राही मशीन से निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न कुछ ही सेकंड में प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और समय की भी बचत होगी।
अंगूठा लगाते ही स्क्रीन पर दिखेगा राशन
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की प्रक्रिया को बेहद सरल रखा गया है। हितग्राही मशीन के सामने पहुंचकर फिंगरप्रिंट के माध्यम से आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण करेगा। इसके बाद स्क्रीन पर उसके लिए उपलब्ध राशन और उसकी मात्रा दिखाई देगी।
हितग्राही मात्रा की पुष्टि करने के बाद अपना खाली बैग मशीन के डिस्पेंसर के नीचे रखेगा और डिस्पेंस बटन दबाएगा। इसके कुछ ही सेकंड बाद निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न स्वत: बैग में भर जाएगा। पूरी प्रक्रिया के बाद स्क्रीन पर प्रदर्शित संदेश की पुष्टि करनी होगी।
राशन वितरण में मानवीय त्रुटि होगी कम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को जनता को समर्पित करते हुए इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी नवाचार और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीक से हितग्राहियों को सुगम और त्वरित सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस व्यवस्था से राशन की मात्रा में मानवीय त्रुटि की संभावना कम होगी। साथ ही हितग्राहियों को राशन लेने में कम समय लगेगा और वितरण प्रक्रिया अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनेगी।
WFP के सहयोग से हुई स्थापना
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की स्थापना राज्य शासन के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के सहयोग से की है। इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक और हितग्राही-केंद्रित बनाने की दिशा में एक प्रयोग के तौर पर देखा जा रहा है।
शुभारंभ के दौरान मशीन से खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया। मशीन की कार्यप्रणाली देखकर राशन कार्डधारी हितग्राहियों और उपस्थित नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हितग्राहियों ने बताया सुविधाजनक
कार्यक्रम में मौजूद राशन कार्डधारी हितग्राहियों ने मशीन की सरल प्रक्रिया, सटीक तौल और तेजी से राशन मिलने की व्यवस्था की सराहना की। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था राशन वितरण को और अधिक सुविधाजनक बनाएगी।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित खाद्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

