बिलासपुर । TODAY छत्तीसगढ़ / पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर बिलासपुर पुलिस ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित चेतना हॉल में मेगा हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना और गंभीर बीमारियों की शुरुआती स्तर पर पहचान कर समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना था।
यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन और मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के यूनिट हेड अजय कुमार गुप्ता समेत पुलिस विभाग और अस्पताल की चिकित्सा टीम मौजूद रही।
बीमारी गंभीर होने से पहले पहचान जरूरी: डीजीपी
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का मकसद केवल बीमारी का इलाज करना नहीं है, बल्कि बीमारी के लक्षणों को समय रहते पहचानना और गंभीर स्थिति बनने से पहले उपचार शुरू करना है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी से बचाव के उपाय अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली पर ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल के स्वस्थ रहने का सीधा संबंध प्रभावी पुलिसिंग से है। स्वस्थ पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभा सकते हैं।
एक ही कैंप में कई तरह की स्वास्थ्य जांच
शिविर में अपोलो हॉस्पिटल्स की विशेषज्ञ टीम ने अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर परामर्श दिया। इनमें— पेट और लीवर संबंधी रोग, स्पाइन सर्जरी और हड्डी रोग, जनरल मेडिसिन, हृदय रोग, त्वचा रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, फिजियोथेरेपी और डायटेटिक्स से जुड़ी सेवाएं शामिल थीं।
पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा निशुल्क रखी गई। लीवर की जांच के लिए फाइब्रोस्कैन और आंखों की जांच के लिए टाइटन आई+ की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के उन बच्चों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया है। डीजीपी ने नमन तिवारी, अंजली राजपूत, अनुष्का खलखों, शिलादित्य चंदेल, श्रेयांश सिंह, साक्षी पाठक, रुद्र वाल्मीकि, रघुराज सिंह ठाकुर, करण मरावी, भावना पटेल और कमाना मरकाम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान बच्चों के माता-पिता को भी बधाई दी गई। पुलिस विभाग का कहना है कि इस तरह के सम्मान का उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है।
पुलिस की नई इमारतों का भी निरीक्षण
स्वास्थ्य शिविर के बाद अधिकारियों ने पुलिस लाइन और जिले में बने तथा निर्माणाधीन विभिन्न भवनों का निरीक्षण किया। इनमें पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस हॉस्पिटल और शहीद स्मारक समेत अन्य अधोसंरचनाएं शामिल थीं। अधिकारियों ने भवनों की स्थिति और सुविधाओं का जायजा लिया। बिलासपुर पुलिस के मुताबिक, इस पहल के जरिए पुलिस बल के स्वास्थ्य और कल्याण के साथ-साथ पुलिस परिवारों के सामाजिक और शैक्षणिक हितों पर भी ध्यान देने का प्रयास किया गया है।



