रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे से राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 106.19 ग्राम एमडीएमए और एक आईफोन बरामद हुआ है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी से ड्रग्स के सप्लायर और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक व्यक्ति एमडीएमए लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान रामनिवास माचरा (22), निवासी फलोदी, राजस्थान के रूप में हुई।
बैग की तलाशी में मिली एमडीएमए की खेप
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें एमडीएमए बरामद हुआ। आरोपी से मादक पदार्थ रखने और परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने 106.19 ग्राम एमडीएमए और एक आईफोन, कुल करीब 20 लाख रुपये कीमत का सामान जब्त किया। आरोपी के खिलाफ गंज थाने में अपराध क्रमांक 243/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 22(ग) में मामला दर्ज किया गया है।
साथियों के कहने पर रायपुर पहुंचा था
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एमडीएमए की बिक्री करता है। वह साथियों के कहने पर मादक पदार्थ की खेप लेकर रायपुर में सप्लाई करने पहुंचा था।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एमडीएमए की खेप कहां से लाई गई थी, इसका सप्लायर कौन है और रायपुर में इसकी सप्लाई किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। आरोपी के अन्य साथियों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
73 मामलों में 163 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 73 प्रकरणों में 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में बड़ी मात्रा में गांजा, एमडीएमए, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

